C

Monday, December 28, 2020

मंदार क्षेत्र के 'यक्ष' ही हैं जख बाबा

प्राचीन अंगदेश (महाजनपद) के वर्तमान भागलपुर क्षेत्र में सड़कों के किनारे पेड़ों को पूजे जाने की परंपरा प्राचीन काल से है। इन्हें 'जख बाबा' कहा जाता है। लोग इन्हें लोक देवता की संज्ञा देते हैं। इनको पूजन-चढ़ावा देने की रीत है। कई जगहों में वार्षिक पूजा भी लंबे समय से होती रही है। गौर करने वाली बात है कि ये जख बाबा जिन रास्तों पर मिलते हैं वे सभी पथ प्राचीन काल के हैं। इन इलाकों के बूढ़े लोग जख के शौर्य की गाथा सुनाते हुए अब भी मिल जाएंगे।

यह जख संस्कृत के 'यक्ष' शब्द का अपभ्रंश है। यक्ष और रक्ष दो शब्द हैं। यक्ष वे शक्तियाँ हैं जो देव और लोक हितों के रक्षक हैं। रक्ष वे शक्तियाँ मानी गई हैं जिन्हें देवता और मनुष्यों का कल्याण बुरा लगता है। रक्ष से ही राक्षस शब्द बना है जो खलनायक की छवि उपस्थित करते हैं लेकिन यक्ष तो सदा से ही कल्याणार्थ माने गए हैं वजह यही है कि इनकी पूजा होती है।
धनपति कुबेर भी यक्ष हैं। इनको इनके संस्कारों के आधार पर यक्ष की श्रेणी में रखा गया है जबकि इनके सौतेले भाई रावण, कुंभकर्ण को रक्ष संस्कृति का संवाहक होने के कारण राक्षस कहा गया है।
#दीपावली_पूजन में अधिकतर लोग लक्ष्मी और गणेश का पूजन करते हैं जबकि कुबेर के बिना इनका पूजन सम्पूर्ण नहीं। किन्तु, याद रहे कि कुबेर देवता नहीं, यक्ष हैं। ये धन के संरक्षक हैं जो धन की चलायमानता को स्थायित्व देनेवाले के तौर पर प्रतिष्ठित हैं। वजह यही है कि इनके गण-गणिका को भारतीय रिजर्व बैंक के दिल्ली स्थित मुख्यालय के बाहर स्थापित किया गया है। ये दोनों कुबेर के प्रतिनिधि हैं।
कुबेर को उत्तर दिशा का दिक्पाल, अधिपति या स्वामी माना जाता है। शास्त्रों में 10 दिशाएँ माने गए हैं। इन सभी दिशाओं के अलग-अलग दिक्पाल हैं। यह भी कहा जाता है कि कुबेर सभी दिक्पालों के दिक्पाल हैं।
'महाभारत' में जिस उत्तरापथ की चर्चा होती है वो आज का जीटी रोड है। यह तामलुक (बंगाल) से आरंभ होकर तक्षशिला (अफगानिस्तान) तक जाती है। यह सड़क आज 4 देशों क्रमशः बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान तक जाती है। इस सड़क की चर्चा ग्रीक श्रोतों में भी मिलती है। यह भी कहा जाता है कि इसका पुनर्निर्माण अपने समय में चन्द्रगुप्त मौर्य ने भी कराया था और अशोक ने भी।
कहा गया है कि इस उत्तरापथ के उत्तरी क्षेत्र में कुबेर का वास था। सम्पूर्ण उत्तरी क्षेत्र का आधिपत्य कुबेर का था। इसलिए उत्तरी क्षेत्र में कुबेर को अधिक प्रतिष्ठा मिली है।
कुबेर की राजधानी अलकापुरी बताई गई है जिसे हिमालय पर एक हिस्से में बताया गया है। यह भी कहा जाता है कि कुबेर का उपवन #मंदराचल पर्वत पर था जिसे 'चित्ररथ वन' कहा गया है। इस चित्ररथ वन को चित्ररथ नामक एक गंधर्व ने तैयार कर कुबेर को दिया था। पौराणिक सूत्र बताते हैं कि मंदार के नीचे कई सघन वन थे जिन्हें अलग-अलग नामों से संबोधित किया गया है।
उत्तरापथ और प्राचीन अंग की राजधानी चम्पा को जोड़नेवाली सड़क अब SH-19 (इसे NH-133 की मंजूरी मिली है) के नाम से जानी जाती है। मुगल काल, ईस्ट इंडिया कंपनी और ब्रिटिश शासन के दौरान इसे भागलपुर-सूरी मार्ग कहा गया। यह सूरी नामक जगह आज सिउड़ी (पश्चिम बंगाल) के नाम से ज्ञात है जहां से जीटी रोड गुजरती है। यह सूरी शब्द अफगान शासक शेरशाह सूरी के सरनेम से लिया गया है। मंदार पर्वत इसी भागलपुर-सूरी मार्ग पर अवस्थित है। 'बिहार दर्पण' में गदाधर प्रसाद अंबष्ठ लिखते हैं कि यह भागलपुर की सबसे प्राचीन सड़क है। अपने समय में यह विशिष्ट व्यापारिक मार्ग था। इस सड़क के किनारे अभी भी कुछ यक्षों की उपस्थिति पेड़ों में है। इन यक्षों के नाम पर आसपास के ग्राम हैं। कुछ यक्षों को उनके पेड़ों के नाम से पुकारे जाने के प्रचलन है। इनके सामने से गुजरने वाले वाहन इन्हें कुछ सिक्के देकर गुजरते हैं। यह प्रथा प्राचीन काल में भी होने की जानकारी मिलती है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सूत्र बताते हैं कि उत्तरापथ / जीटी रोड के किनारे से यक्षों की काफी प्रतिमाएँ प्राप्त हुई हैं जो विभिन्न संग्रहालयों में हैं। एक प्रतिमा पहली शताब्दी की भी मिली है जिसकी फोटो यहाँ संलग्न हैं।
मंदार से कुबेर की कुछ मूर्तियों के मिलने की जानकारी मिलती है लेकिन अब ये कहाँ हैं और कब की हैं; कोई अता-पता नहीं है।

Sunday, August 2, 2020

अंग जनपद के बिना मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कल्पना अधूरी





    
रामायण काल में 'अंग जनपद' के राजा थे रोमपाद। इन्हें चित्ररथ और लोमपाद भी कहा गया है। ये बृहद्रथ /धर्मरथ के पुत्र थे। कौशल जनपद के नरेश सुकौशल और महारानी अमृतप्रभा की ज्येष्ठ सुपुत्री वर्षिणी से इनका विवाह हुआ था। महाराज की दूसरी पुत्री थी कौशल्या। तब 'अवध जनपद' के राजा थे दशरथ। कौशल और अवध के बीच वैर था। 
    अवध नरेश दशरथ से रोमपाद की बहुत अच्छी मित्रता थी। अपनी साली कौशल्या का विवाह राजा दशरथ से कराने में रोमपाद की बड़ी भूमिका थी। इस वैवाहिक संबंध के बाद कौशल और अवध की दुश्मनी समाप्त हो गई। इस बात को इस तरह से समझा जाए कि श्रीराम की माँ कौशल्या का विवाह दशरथ से कराने में अंग जनपद की बड़ी भूमिका रही। यह पहला कारण है।   
    दशरथ को कौशल्या से एक पुत्री हुई जिसका नाम शांता था। राजर्षि की सलाह पर अवध नरेश दशरथ ने इस पुत्री को अंग नरेश रोमपाद को पौषपुत्री के रूप में सौंप दिया। दशरथ के राजर्षि ने ग्रह-गोचरों की स्थिति के अध्ययन के उपरांत कहा था कि यह बालिका अयोध्या के हित में नहीं है अतएव इसे किसी को गोद में दे दिया जाए। कहा गया कि इस पुत्री के रहते राजा दशरथ के यहाँ कोई संतान पैदा नहीं होगी। अंग नरेश रोमपाद इस घड़ी में उनके हितरक्षक बने और शांता को सहर्ष पुत्री के रूप में ग्रहण कर लिया। यह दूसरा कारण रहा। 
    इस विलक्षण पुत्री शांता को अंग जनपद में लाने के बाद वार्षिनी से भी इन्हें एक पुत्री हुई जिसका नाम 'चतुरंग' (चतुरंग खेल की शुरुआत करनेवाली) रखा गया। किशोरवय में शांता का आमात्य सुमंत के कहने पर अंग जनपद के ऋषि विभंडक के अप्सरा उर्वसी से उत्पन्न पुत्र शृंगी के साथ विवाह कर दिया। इस विवाह के उपरांत ऋषि शृंगी ने अनुष्ठान कर अंग जनपद में वर्षा के लिए देवता वरुण और देवराज इन्द्र को प्रसन्न किया। कहते हैं कि पुत्री (शांता) का विवाह ऋषि शृंगी से कराकर दशरथ के हित में राजा रोमपाद ने एक और कार्य किया था। यह तीसरा कारण था। चूंकि, शांता सदैव दाशरथी के नाम से जानी गई। इसी कारण से कुछ लोगों को भ्रम होता है कि राजा रोमपाद का एक अन्य नाम 'दशरथ भी है। 

    
अब जो सबसे बड़ी बात थी/ कारण था; वो यह कि अंग नरेश रोमपाद ने ऋषि शृंगी को प्रसन्न कर अवध नरेश दशरथ के लिए पुत्रेष्ठि यज्ञ कराया। मतलब कि जमाता (दामाद) ने अपने श्वसुर के लिए यह यज्ञ किया। लेकिन, इस यज्ञ में दशरथ मात्र एक यजमान रहे और शृंगी पुरोहित। इस यज्ञ के उपरांत ही राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न इस धरा पर आए। इससे पहले दशरथ ने संतान की इच्छापूर्ति के लिए कौशल्या के अतिरिक्त दो अन्य विवाह कर लिए लेकिन प्रारब्ध ऋषि शृंगी की प्रतीक्षा कर रहा था जिसका सूत्रधार अंग जनपद था। अयोध्या पर अंग जनपद का यह सबसे बड़ा उपकार था। 
    ऋषि शृंगी से शांता के विवाह का अर्थ था शृंगी के पिता विभंडक के क्रोध का कारण बनना। राजा रोमपाद ने यह जोखिम अपने सिर पर लिया। इस विवाह के बाद क्रोध से तप्त ऋषि विभंडक को भी इन्होंने ही झेला। 

इस प्रसंग में ऋषि वाल्मिकी कृत 'रामायण' के श्लोकों को भी देखा जाए -

          अङ्ग राजेन सख्यम् च तस्य राज्ञो भविष्यति।
          कन्या च अस्य महाभागा शांता नाम भविष्यति।। 
          - (काण्ड-1, सर्ग-11, श्लोक-3)
अर्थ - 
उनकी शांता नाम की पुत्री पैदा हुई जिसे उन्होंने अपने मित्र अंग देश के राजा रोमपाद को गोद दे दिया, और अपने मंत्री सुमंत के कहने पर उसका  विवाह शृंगी ऋषि से तय कर दी थी।

          अनपत्योऽस्मि धर्मात्मन् शांता भर्ता मम क्रतुम्।
          आहरेत त्वया आज्ञप्तः संतानार्थम् कुलस्य च।। 
          - (काण्ड-1, सर्ग-11, श्लोक-5)
अर्थ - 
तब राजा ने अंग के राजा से कहा कि मैं पुत्रहीन हूँ, आप शांता और उसके पति श्रृंग ऋषि को बुलवाइए मैं उनसे पुत्र प्राप्ति के लिए वैदिक अनुष्ठान कराना चाहता हूँ।

          श्रुत्वा राज्ञोऽथ तत् वाक्यम् मनसा स विचिंत्य च।
          प्रदास्यते पुत्रवन्तम् शांता भर्तारम् आत्मवान्।। 
          - (काण्ड-1, सर्ग-11, श्लोक-6)
अर्थ -
दशरथ की यह बात सुन कर अंग के राजा रोमपाद ने हृदय से इसबात को स्वीकार किया, और किसी दूत से शृंगी ऋषि को पुत्रेष्टि यज्ञ करने के लिए बुलाया।

          आनाय्य च महीपाल ऋश्यशृङ्गं सुसत्कृतम्।
          प्रयच्छ कन्यां शान्तां वै विधिना सुसमाहित।।
          - (काण्ड-1, सर्ग-9, श्लोक-12)
अर्थ -
शृंगी ऋषि के आने पर राजा ने उनका यथायोग्य सत्कार किया और पुत्री शांता से कुशलक्षेम पूछ कर रीति के अनुसार सम्मान किया।

           अन्त:पुरं प्रविश्यास्मै कन्यां दत्त्वा यथाविधि।
           शान्तां शान्तेन मनसा राजा हर्षमवाप स:।। 
           - (काण्ड-1, सर्ग-10, श्लोक-31)
अर्थ -
(यज्ञ समाप्ति के बाद) राजा ने शांता को अंतः पुर में बुलाया और रीति के अनुसार उपहार दिए, जिससे शांता का मन हर्षित हो गया।

    इक्ष्वाकु कुल में पैदा हुए श्रीराम अगर आज मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में दुनिया भर में पूज्य हैं तो इस हिस्से का बड़ा श्रेय #अंग_जनपद को भी जाता है। ...और इस मौके पर अंग जनपद (अब का भागलपुर केन्द्रित) को परित्यक्त किया जाना कितनी बड़ी ऐतिहासिक मानवीय भूल होगी ! 
    हालांकि, अंग जनपद के मन्द्राचल पर्वत से अयोध्या में जन्मभूमि मंदिर निर्माण हेतु मिट्टी और जल विश्व हिन्दू परिषद द्वारा ले जाने की सूचना है मगर वह #चम्पा जो तब राजा रोमपाद की राजधानी थी यहाँ से किसी प्रकार की ऐसी सूचना नहीं है। हाँ, यह #चम्पा अब भी मौजूद है। यह अब एक विशाल टीला (Mound) है जिसपर अब हजारों घर बस चुके हैं। यहाँ बिहार पुलिस का एक विशाल प्रशिक्षण केंद्र भी है जिसे 18वीं सदी के 8वें दशक में स्थानीय कलेक्टर ऑगस्टस क्लीवलेंड ने स्थापित किया था। यह जगह अब भी 'चंपानगर' के नाम से ख्यात है और इस टीले को अभी 'कर्ण टीला' के नाम से जाना जाता है। इस टीले के किसी भी हिस्से में मामूली खुदाई होने पर अब भी सुंदर नक्काशीवाले पाषाण-स्तम्भ निकलते हैं। यहाँ से प्राप्त कुछ मूर्तियाँ, टेराकोटा खिलौने, मृदभांड, स्तम्भ कई संग्रहालयों की शोभा बढ़ा रहे हैं। ये सभी तत्व इसके पुरातन होने की पुष्टि करते हैं। अब तो इस चम्पा नगर के वाह्य स्तंभों की खोज भी विद्वान इतिहासकारों ने कर लिए हैं। यह नगर उत्तरवाहिनी गंगा के किनारे बसा हुआ है जहां कभी महर्षि पालकाप्य ने 'हस्त्यायुर्वेद' की रचना की थी जो महान राजा रोमपाद को उनके द्वारा दी गई सीख थी। आयुर्वेद की एक शाखा माने गए इस 'हस्त्यायुर्वेद' में हाथी के उपचार और रखरखाव के बारे में विस्तार से बताया गया है। इसे 'गज आयुर्वेद' के तौर पर भी जाना जाता है। 

Friday, April 17, 2020

चोल (गंगईकोंड) से संबन्धित शाश्वत स्थानीय प्रश्न

राजराजा चोल ने बंगदेशम पर सन 1021-22 में चढ़ाई कर दी तब यहाँ पालवंश के राजा महिपाल का शासन था और असम (प्रागज्योतिषपुर में) ब्रह्मपाल का।
तिब्बती सूत्र बताते हैं कि इस दौरान विक्रमशिला महाविहार (भागलपुर के कहलगांव स्थित) के आचार्य अतीश दीपांकर सन 1013 से ही 12 वर्षों तक वर्तमान इंडोनेशिया के श्रीविजय साम्राज्य में थे।
तभी राजराजा ने अपने साम्राज्य में बढ़ोत्तरी करते हुए इंडोनेशिया के श्रीविजय पर भी अधिकार कर लिया। इस दौरान दीपांकर के बंगाल प्रांत में आने और फिर यहाँ से तिब्बत जाने के क्रम का विवरण इनके बारे में पुस्तक लिखने वाले किसी लेखक ने विस्तार से नहीं लिखा है। कहा इतना गया है कि वे आजन्म फिर तिब्बत में ही रह गए।
गौरतलब है कि श्रीविजय का संबंध अंगदेशम (जो उस वक्त बंगदेशम का हिस्सा था) से अति प्राचीन था जो दीपांकर के वक़्त भी कायम था। तब श्रीविजय मिलिट्री प्रभुत्व वाला प्रदेश था जहां बौद्धधर्म पल्लवित-पुष्पित था।
राजराजा के दक्षिणी गंगाक्षेत्र (बंगदेशम) के विजय के समय आचार्य दीपांकर की उम्र 41-42 की थी। शायद बंगाल के तत्कालीन शासक महिपाल की नाकामी की वजह से उन्हें नाराजगी थी। लेकिन इस संदर्भ में तिब्बती स्रोत पूर्णतः लामा तारानाथ (17वीं शताब्दी) की कपोल कल्पना के भरोसे उड़ान भरता है। आज के विद्वान भी तारानाथ के अलावे राहुल सांकृत्यायन के सूत्रों के भरोसे टिके हुए हैं जो स्वयं भी तारानाथ पर आधारित हैं।
सवाल पैदा होता है कि दीपांकर ने उपरोक्त राजनीतिक परिदृश्य के बारे में तिब्बत में कुछ कहा तो होगा? अगर कहा तो क्या कहा और नहीं कहा तो क्यों नहीं कहा, इसपर खोज की जरूरत है।
तिब्बत से प्राचीन पुस्तकों को खच्चर पर लादकर राहुल सांकृत्यायन पटना ले आए थे। उसमें कुछ पेंटिंग्स भी थी जिसे पटना के पुराने संग्रहालय में रखा गया है। वहाँ से लाई गई किताबें उन्होंने सिन्हा और खुदाबख्श खां लाइब्रेरी में दे दिए लेकिन रखरखाव में अनदेखी के कारण बर्बाद हो गई। ये किताबें मोर और भोट लिपि/भाषाओं में थीं।
अभी भी कंदम स्कूल में प्राचीन ग्रंथ उपलब्ध हैं जो उपरोक्त राजनीतिक परिदृश्य का भेद खोल सकते हैं। आखिर, अंग देश के इतिहास के लिए यह संभव किससे होगा?

*****
वृहदेश्वर मंदिर के निर्माणकर्ता डाकिनी के भक्त
***************************************************
11वीं सदी के प्रतापी सम्राट राजराजा चोल जिन्होंने गंगा के दक्षिणी ओर के भूभाग पर प्रभुत्व स्थापित कर 'गंगईकोंड चोल' की उपाधि धारण की थी वे शिव भक्त के तौर पर जाने जाते हैं। सच यह भी है कि वे डाकिनी के साधक थे। विदित हो कि डाकिनी को देवि काली की एक उग्र शक्ति-रूप में मान्यता प्राप्त है। यह भी माना जाता है कि प्रकृति (पृथ्वी) की ऋणात्मक ऊर्जा से उत्पन्न एक स्थायी गुण ही डाकिनी है जो निश्चित आकृति में दिखाई देती है। इनकी श्मसान साधना का विधान है।
मलय (Malaysia) के इतिहास में कहा गया है कि इन्हीं शक्ति के आवाहन के समय वे अपना खड्ग यानी तलवार पूजन करते थे फिर युद्ध की समाप्ति के उपरांत ही म्यान में रखते थे। श्रीलंका, मालदीव और पूर्व एशिया के कुछ देश इनके साम्राज्य में शामिल थे।
इनकी तलवार 20 किलो से अधिक वजन की थी जिसका नाम था चोरा मन डाकिनी ! कुछ लोग इसे 'चोला मंदाकिनी' भी कहते हैं। यह तलवार आज भी मलेशिया में सुरक्षित है। इसके बारे में कहा गया है - The Magical Object guarded by a Female Spirit.
राजराजा चोल के जिस साम्राज्य को 'बंग साम्राज्य' के भूभाग और गंगा के दक्षिणी इलाके से जोड़कर आजतक इतिहास कहा जाता है उसमें यह क्षेत्र शामिल होने के प्रमाण मिलते हैं।
मंदार के नीचे के पत्थर के एक भवन को 'चोल साम्राज्य का निवास' 19वीं सदी से कहा जाता रहा है। बहुतायत में यहाँ शिवलिंग का होना तथा श्मसान में दक्षिणमुखी शिवलिंग होना भी कुछ संबंध परिलक्षित करते हैं।
अहं को त्यागकर, इतिहास को एक नए सिरे से देखे जाने की जरूरत है।


Chloroquine के निर्माता का भागलपुर कनेक्शन

HydroxyChloroquine Sulphate के साथ जुड़ा है एक राष्ट्रवादी भारतीय वैज्ञानिक का नाम। इन्होंने क्लोरोक्वीन फॉस्फेट बनाया था जो मलेरिया की दवा के तौर पर प्रयोग किया जाता था। तब सम्पूर्ण भारत में मलेरिया से बहुत लोग मरते थे। भागलपुर में गंगा के उत्तरी भाग में इससे मरनेवालों की संख्या ज्यादा ही थी।
भारत में इसे सबसे पहले बनाने वाले बंगाल केमिकल्स के जनक थे आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय। इन्होंने हिन्दू रसायन का इतिहास' लिखा जिसका मूल रूप A history of Hindu chemistry from the earliest times to the middle of the sixteenth century, A.D है। 'द ग्रीक एल्केमी' पुस्तक के लेखक बर्थेलो ने इनकी प्रशंसा मुक्तकंठ से की।
बंगाल केमिकल्स ने पहली बार इस दवा का निर्माण सन 1934 में किया था। यह देश में क्लोरोक्वीन दवाई बनाने की सबसे बड़ी कंपनी है जिसका पूरा नाम है - बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड। इसकी स्थापना आज से 119 साल पहले आचार्य राय ने की थी। पिछले काफी समय से बंगाल केमिकल्स ने हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का उत्पादन नहीं किया है।बंगाल केमिकल्स दरअसल क्लोरोक्वीन फॉस्फेट बनाती रही है, जिसका उपयोग मलेरिया की दवाई के रूप में होता रहा है। क्लोरोक्वीन फॉस्फेट का भी वही प्रभाव है जो हाल ही में चर्चा में आयी हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन सल्फेट का। लेकिन बंगाल केमिकल्स ने हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन सल्फेट उत्पादन पिछले कुछ सालों से बंद कर दिया है। उल्लेखनीय है कि बंगाल केमिकल्स इस दवाई को बनाने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की एकमात्र कंपनी है। नए नियमों के अनुसार इस दवाई को बनाने के लिए अब कंपनी को फिर से लायसेंस लेना होगा।
भागलपुर कॉलेज में केमिस्ट्री (रसायन शास्त्र) के लेक्चरर के तौर पर सन 1908 में योगदान देने वाले जोगेश चंद्र घोष इनके प्रिय शिष्यों में से एक थे। इनके बुलावे पर आचार्य 1909 में भागलपुर आए थे। तब वे प्रेसीडेंसी कालेज के रसायन विभाग में बतौर सहायक प्रवक्ता कार्यरत थे। तब वे यहाँ के ब्रह्म समाज से जुड़े लोगों से भी मिले थे। इनसे पहले आचार्य पीसी राय के पिता 'ब्रह्म समाज' के कार्यक्रम में हिस्सा लेने भागलपुर आए थे। आचार्य पीसी राय आजन्म कुँवारे रहे।
इन्होंने भागलपुर में कविराजों (आयुर्वेद के प्रैक्टिशनरों) को देखकर शिष्य जोगेन्द्र को कहा था कि आयुर्वेद का क्षेत्र व्यापक है और आप भारतीयों के कल्याण के लिए इस तरफ ध्यान दीजिये। इस बात का इतना व्यापक असर हुआ कि सेवामुक्त होने के बाद इन्होंने साधना औषधालय की स्थापना की। ढाका से आरंभ हुआ यह औषधालय पहले बंगाल के विभिन्न स्थानों में खुला। फिर भागलपुर और मुंगेर में भी। फिर चीन, उत्तरी अमरीका, अफ्रीका में। सनद रहे कि ये वही जोगेश चंद्र थे जिनकी हत्या पाकिस्तानी सैनिकों ने ऑपरेशन सर्चलाइट के दरम्यान 1971 में कर दी थी।
मातृभूमि, मातृभाषा और अपने आर्ष मनीषियों की महान परंपरा का पालन करनेवाले वैज्ञानिक डॉ. प्रफुल्ल चंद्र राय को आज मानवता की रक्षा करने के लिए अखिल विश्व याद करेगा।

Saturday, May 18, 2019

जब महर्षि पालकाप्य के प्रश्नों पर निरुत्तर थे प्रतापी अंग नरेश रोमपाद

एक समय की बात है। अंग प्रदेश के नरेश हुआ करते थे राजा रोमपाद। प्रतापी नरेश थे ये। उनके शासन काल में अंग में समृद्धि थी। कोई युद्ध नहीं था। अंग से सटी पश्चिमी सीमा मगध से लगती थी जहां रोमपाद के श्वसुर सुकौशल राजा हुआ करते थे। तब अयोध्या में इक्ष्वाकुवंश के राजा दशरथ आसीन थे जो राजा रोमपाद की पत्नी वार्षिणी की छोटी बहन कौसल्या के पति थे।
अंग नरेश रोमपाद गंगा के किनारे अपने सभासदों के साथ संध्याकाल में बैठे थे कि एक नागरिक ने अपनी विपदा सुनाई कि उनके फसल को जंगली हाथियों ने पूर्णतः रौंद दिया। दूसरे क्षेत्रों में भी ऐसा ही है। अब किसानों के पास भोजन की भीषण समस्या उत्पन्न हो गई है। इसकी पुष्टि सभासदों ने भी की और चिंता भी प्रकट की।
रोमपाद ने सभासदों से इसका निदान तुरंत ढूँढने को कहा।
तभी वहाँ महर्षि गौतम, भृगु, नारद, मृग्कर्मन, अग्निवैश्य, अरिमेद, काप्य और मातंगाचार्य एक साथ आए और उन्होंने उपाय सुझाया कि इन हाथियों को पकड़कर इनसे काम लिया जाए।
राजा रोमपाद ने अपने कुछ दुस्साहसी सेवकों को इस महत्कार्य के लिए तुरत तैयार होकर रवाना होने को कहा।
लगभग एक पक्ष बीतने को था और अंग प्रदेश के सैकड़ों हाथी पकड़ लिए गए।
अंग के गहन जंगल के हाथियों वाले क्षेत्र में ऋषि पालकाप्य का निवास था। वे अपनी दिनचर्या का अधिक समय इन हाथियों के साथ बिताते थे। एकाएक हाथियों की संख्या कम होते देखकर वे चिंतित हो गए। उनके शिष्यों ने बताया कि इन हाथियों को पकड़वाकर अंग नरेश काम ले रहे हैं और इनको गंभीर यातना दी जा रही है। वे क्रोध से नीले पड़ गए और तुरत ही उन्होंने राजनिवास की दिशा में कूच किया।
सुबह की पहली किरण फूटते ही वे राजभवन के द्वार पर थे। वहाँ के द्वारपालों से उन्होंने राजा रोमपाद से तुरत मिलने की इच्छा प्रकट की। द्वारपालों को पहले से आदेश था कि किसी ऋषि-मुनि को द्वार पर रोका नहीं जाए। उन्हें सीधा राजभवन के अतिथिगृह में बैठाकर महाराज को तुरत ही सूचना दी जाए। द्वारपाल ने ऐसा ही किया।
कुछ ही क्षणों में महर्षि पालकाप्य के सामने आतिथ्य भाव से पाँव पखारने के लिए राजा रोमपाद उपस्थित थे। महर्षि बहुत ही क्रोध में थे लेकिन महाराज के आतिथ्य और सरल व्यवहार ने उनका उद्वेग कुछ समय के लिए शांत कर दिया। महाराज को महर्षि के दुख और उनकी उग्रता का भान हो गया था। उनको महर्षि के हस्ति (हाथी) प्रेम के बारे में पहले से पता था।
आतिथ्य के उपरांत महर्षि को दरबार में सभासदों के समक्ष उच्च आसन पर विराजमान कराने के उपरांत महाराज रोमपाद ने खड़े होकर हाथ जोड़ते हुए आने का प्रयोजन पूछा। तब उस दरबार के सभी सभासद भी हाथ जोड़कर महर्षि की दिशा में उन्मुख होकर खड़े थे।
महर्षि ने क्रोध के वेग से तप्त होकर अंग नरेश से कहना आरंभ किया - "हाथियों पर अन्याय का अधिकार आपको किसने दिया? आप जैसे महाप्रतापी का यह दुस्साहस क्या क्षम्य है? क्या इन विवश बच्चों पर दया नहीं आई आपको?" महर्षि के प्रश्नों का कोई भी उत्तर अंग नरेश के पास नहीं था।
सभा के सन्नाटे को फिर महर्षि ने तोड़ा और कहा कि ये सम्पूर्ण क्षेत्र में कहीं भी गमनागमन कर सकते हैं। इन्हें रोकने, बांधने और इन पर अन्याय का अधिकार किसी को नहीं है।
रूंधे गले से हाथ जोड़े महाराज ने महर्षि से इस अपराध के लिए क्षमा मांगा और घायल हाथियों के उपचार के लिए उपाय बताने का निवेदन किया। महाराज ने वचन दिया कि अब और हाथी नहीं पकड़े जाएँगे। उन्होने यह भी कहा कि सभी हाथी पकड़े जाने के समय से घायल हैं। अगर इन घायलों को वन में ले जाकर छोड़ दिया जाए तो ये मर जाएँगे।
अंग नरेश रोमपाद की बात सुनकर महर्षि को अपने हाथियों पर दया आई। महर्षि ने यहीं नरेश को 'हस्ति शास्त्र' और 'हस्त्यायुर्वेद' का ज्ञान दिया। आगे चलकर यही शाखा आयुर्वेद से जुड़ गई। कहा गया है कि महर्षि पालकाप्य ने अंग नरेश के आग्रह पर उनके राजभवन में रहकर महाराज के साथ घायल हाथियों की सेवा की। इन हाथियों के ठीक हो जाने पर स्वयं महाराज इन्हें जंगल में छोड़ने गए मगर ये हाथी महाराज के साथ फिर से आ गए। ये हाथी महाराज के अतिप्रिय थे। कहते हैं कि रोमपाद की उपस्थिति में ही ये हाथी भोजन ग्रहण करते थे। जब अपने साढ़ू राजा दशरथ की पुत्रेष्ठि यज्ञ में रोमपाद गए थे तब सभी हाथी इनके साथ ही गए थे।

(मातंग लीला)

Sunday, August 5, 2018

आदिकाल से परित्यक्त रहा है ‘अंग महाजनपद’


-         उदय शंकर झा ‘चंचल’

महाभारत कालीन अंग महाजनपद को हज़ारों वर्षों से परित्यक्त रखने की साज़िश से इंकार नहीं किया जा सकता है। विदित हो कि अब वृहत विष्णु पुराण, स्कन्द पुराण और पद्म पुराण में जिस मंदार पर्वत की महिमा का गुणगान किया गया, उसे धर्मग्रन्थ छापनेवालों ने मंदार क्षेत्र की महिमा का विस्तार से गुणगान किए जानेवाले भाग को ही काटकर इन पुराणों का ‘संक्षिप्त संस्करण’ निकाल दिया। आश्चर्य कि बात है कि अब आप इन मुख्य पुराणों को खरीदने बाज़ार में जाएँ तो आपको ‘संक्षिप्त विष्णु पुराण’, ‘संक्षिप्त स्कंद पुराण’, ‘संक्षिप्त पद्म पुराण’ ही मिलेंगे। इसे भी अपनी जानकारी में जोड़ लिया जाए कि ऐसा सभी प्रकाशनों के साथ है न कि किसी ख़ास के साथ।
अंग क्षेत्र के सर्वाधिक चर्चित मंदार पर्वत के साथ ‘समुद्र मंथन’ की गाथा जुड़ी है। पद्म पुराण के पाताल खंड (अध्याय-109, श्लोक – २१ से 60)  में यह चर्चा है कि आदिकाल में इस पर्वत के नीचे ‘मंदारपुरी’ नामक एक विशाल नगर था जो नगरद्वारों, गोपुरमों और प्रतिमाओं से सुसज्जित था। यह नगर ८८ तालाबों से घिरा हुआ था। यहाँ ५२ गलियों वाले ५३ बाज़ार थे। इस नगर के बीचोंबीच शिव-परिवार की बड़ी-सी मूर्ति थी। इस नगर का वर्णन कहीं-कहीं ‘बालिशा नगर’ के नाम से भी मिलता है तो कहीं ‘अपर मंदार’ के नाम से।
मंदार के नीचे उन ८८ प्राचीन तालाबों में से अधिकतम का अस्तित्व आज भी है। इन तालाबों के बीच खड़े पत्थर के खूबसूरत लाट इसकी प्राचीनता के बारे में खुद ही बताते हैं। इसका अवलोकन आप मंदार पर्वत के शीर्ष से कर सकते हैं।  
इतिहासकार फ्रांसिस बुकानन, मोंटगोमरी मार्टिन, विलियम फ्रेंकलिन, जॉन फेथफुल फ्लीट,  जेडी बेगलर, हंटर, जोसेफ बायर्ने, राधाकृष्ण चौधरी, एएस आल्टेकर, डॉ. अभय कान्त चौधरी, ‘बिहार दर्पण’ के लेखक गदाधर प्रसाद अम्बष्ठ ने मंदार के नीचे विशाल नगर के प्रमाण देखे थे। इन सबों ने यहाँ शिल्पकृत पत्थरों की श्रृंखलाओं को लंबी दूरी तक बिखरा हुआ देखा। आज भी यहाँ शिल्पकृत ये पत्थर काफी दूरी तक फैले हुए हैं। जन-जागृति के अभाव में इसका एक बड़ा हिस्सा उठाकर लोग ले गए। मूर्तियाँ तस्करों के हाथों बेच दी गयीं। बावजूद इसके, यहाँ अभी भी महत्वपूर्ण चीज़ें ज़मीन में दफ्न हैं जो यदाकदा मिलती रहती हैं।
यह चिर-प्रतीक्षित और अति महत्वपूर्ण सवाल है कि इतने महत्त्व के नगर को आख़िर किसने क्षति पहुंचाई? और... इससे भी बड़ा सवाल कि इतनी बड़ी क्षति पहुंचाने के बाद इसे महत्वपूर्ण धर्मग्रंथों से हटाने का प्रपंच आख़िर किसने रचा होगा?
इतिहासज्ञों की मानें तो विभिन्न पुराण विभिन्न कालों में रचे गए और इसी तरह अन्य धार्मिक पुस्तकें भी। उपरोक्त तीनों पुराणों के बारे में कहा जाता है कि ये ईसा के बाद तीसरी शताब्दी के आसपास रचे गए। फिर कालिदास के काल में और इसके बाद 9वीं सदी में ‘योगिनी पुराण’ वगैरह में मंदार की चर्चा है। आख़िर इस बीच के ६०० सालों में इसकी क्या और कहाँ चर्चा हुई, यह गौण है।
पाल वंश के काल में इस क्षेत्र में 9वीं सदी में विशाल महाविहार ‘विक्रमशिला’ की स्थापना की गई। तब यह क्षेत्र भी बौद्धों का केंद्र रहा। इससे पहले भगवन बुद्ध द्वारा दीक्षित सबसे अधिक उम्र के शिष्य और कौल-विद्या के महारथी सुपिंदोला भारद्वाज का निवास यहीं था, जिनको सम्राट अशोक ने अपने शासन क्षेत्र में धर्म प्रचार के लिए बुलाया था।
इसके अलावा, अंग महाजनपद की दक्षिणी ओर के दो विख्यात मंदिरों बैद्यनाथ और बासुकीनाथ को भी ज्योतिर्लिंगों में शामिल नहीं किया जाना उपेक्षा ही तो है। मुद्दे को गौर कीजिए तो आपको स्पष्ट महसूस होगा कि शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के वर्णन में “परल्यां वैद्यनाथं च...” कहकर बैद्यनाथ देवघर (झारखंड) को काटकर परली (महाराष्ट्र) को स्थापित कर दिया गया!
इतना ही नहीं, ‘बौधायन धर्मसूत्र’ में इस इलाके में जाने तक को भी निषेध करार दिया गया। कहा गया है कि यहाँ जाने पर पुनः संस्कार कराना पड़ता है। यह   

“अंग बंग कलिंगेषु सौराष्ट्र मगधेषु च ।
तीर्थ यात्रां बिना गच्छन् पुनः संस्कारमर्हति ॥“
                                                (बौधायन धर्मसूत्र, 1 : 1 : 2)

लोकगीतों में भी इस क्षेत्र की भर्त्सना कम नहीं की गई है। अँगरेज़ विद्वान जी. ए. ग्रिएर्सन ने एक भोजपुरी गीत की कुछ लाइनों को उद्धृत किया है –
“भागलपुर के भगेलिया, कहलगाँव के ठग
पटना के दिवालिया, तीनों नामज़द ।“

यह पर्यावरणीय सत्य है कि जिस उर्वर भूमि में लोगों का आना-जाना नहीं होता है वहां झाड़ियां उग आती है। पेड़ उभर आते हैं। जैसा कि परित्यक्त घरों या हवेलियों के साथ भी होता है। ऐसा ही इस क्षेत्र में भी हुआ। लोगों द्वारा परित्यक्त होने के कारण यह क्षेत्र पेड़-पौधों से भर गया और एक विशाल जंगल बन गया। तब इस जंगल में वे ही लोग आते-जाते रहे जिन्हें जंगल में शिकार करने की चाहत रही। औरंगज़ेब का भाई शाह शुज़ा जब बंगाल का गवर्नर था तब इस इलाक़े में वो शिकार करने आता था। इस बात के गवाह जगह-जगह पर उसके रहने के लिए बने मकान थे जिसके अपभ्रंश अब भी मौजूद हैं। बांका जिले के रजौन (स्टेट हाइवे -19) और अमरपुर में भी ‘शुज़ा शिकारगाह’ के अवशेष होने की जानकारी है। इसी तरह गोड्डा, राजमहल जैसे क्षेत्रों में भी इसके शिकारगाह मिले हैं।
          इसी तरह खड़गपुर (मुंगेर) रियासत के बनने की कहानी भी -राजपूत राजा संग्राम सिंह के आखेट पर आने और मनोरम जगह देखकर अपनी खड्ग (तलवार) ज़मीन पर डाल देने के कारण यह जगह ‘खडगपुर’ कहलाया- ज्ञात है।       
मुगलों और अंग्रेजों के आते-आते यह उपेक्षित क्षेत्र विशाल जंगल से भर गया जिसे ‘जंगलतरी’ इलाक़ा कहा जाने लगा। इसका नाम चंपा-मालिनी से बदलकर ‘भागलपुर’ रख दिया गया जो सिर्फ ‘नीचा दिखाने’ के लिए किया गया होगा। इसका अर्थ ही है ‘भगोड़ों का गाँव’। सनद रहे, यह नाम किसी ‘भगदंतपुर’ का अपभ्रंश नहीं है। ...फिर तो क्लीवलैंड के ज़माने में संतालों को छोटा नागपुर से लाकर यहाँ बसाकर ज़मीनों के पट्टे दिए गए। उन्होंने ये जंगल काटे और खेती की सूत्रपात हुई।
          इतनी लंबी बात कहने का हमारा मतलब सिर्फ इतिहास बांचना नहीं था, बल्कि हमें चेतना होगा। अब भी सरकारें किसी को हों; भारत के अन्य प्रसिद्ध स्थानों की तरह इसका विकास नहीं हुआ। हम अब भी परित्यक्त ही हैं। आपसी मतभेद भुलाकर हमें एकजुट रहना होगा। याद रहे, हम उनकी लफ्फाज़ियों में फंसकर जाति और संप्रदाय में बंटकर लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे हैं। इतिहास ने भी हमें उपेक्षित ही किया।  
जय अंग ! जय अंगिका !!

Monday, April 30, 2018

बांका में शिक्षा की मशाल जलानेवाली - रानी महकम कुमारी

ठाकुराइन या रानी जो भी कह लीजिये, महकम कुमारी के लिए मान्य था। वो तत्कालीन भागलपुर और अब बांका जिले के लक्ष्मीपुर एस्टेट की संयोगवश ज़मींदार हो गई थी। संयोगवश, इसलिए कि यह वो दौर था जब लक्ष्मीपुर एस्टेट ने ब्रिटिश हूकूमत के सामने अपनी छवि को बदलने की कोशिश की। इससे पहले के ज़मींदारों की छवि तत्कालीन शासन की निगाह में अच्छी नहीं थी। दोस्तों से ज्यादा दुश्मनों की तादाद थी जिसने रक्तरंजित इतिहास और तनाव की चरम अवस्था को जन्म दिया था। सनद रहे कि ठाकुर रूप नारायण देव के पिता ठाकुर जगन्नाथ देव ही घटवाल विद्रोह (इतिहास में कहीं-कहीं भूयां या घटवाल विद्रोह के नाम से इसका ज़िक्र है) के प्रणेता थे। इन दोनों पिता-पुत्र के नाम से ही वायसराय वारेन हेस्टिंग्स के तन-बदन में आग लग जाती थी। इसकी झलक वारेन हेस्टिंग्स के प्रकाशित पत्रों से भी मिलती हैं। 
रूप नारायण देव के गुजरने के कुछ दशकों तक इस परिवार की दो पीढ़ियों ने गद्दी संभाले लेकिन अंग्रेज़ी हूकूमत के कोप से अपने बचाव में ही उन्होंने वक़्त गुज़ार दिया। एक वक़्त वह भी इस ठाकुर परिवार पर आया जब इस परिवार में गद्दी संभालने वाला कोई नहीं बचा। ठाकुर ललित नारायण देव के गुजरने के बाद इस परिवार की बड़ी बहू होने के कारण महकम कुमारी ने पुश्तैनी तलवार, पगड़ी और कुर्सी संभाल ली। यह काँटों का ताज़ उनकी कोशिश से फूलों का ताज बन गया और यह एस्टेट महारानी विक्टोरिया के ‘अतिथियों’ में शुमार हुआ।  
इतिहास गवाह है कि सनकी पुरुषों की राजसत्ता पर जब महिलाएं काबिज़ हुई हैं तो परिणाम अच्छे मिले हैं। इतिहास के अध्ययन से पता चलता है कि लक्ष्मीपुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। महकम कुमारी ने परिवार के अन्दर भी लम्बे समय से चल रहे षड्यंत्र और कई अदालतों में चल रहे मामलों के बाद भी रानी लक्ष्मीबाई की तरह चुस्ती, फुर्ती और चपलता दिखाई। रिवाजतन परदे से निकलकर मीराबाई की तरह लोक-लाज त्यागकर उन्होंने राज दरभंगा का रूख किया और लक्ष्मीपुर के हित में काम किया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय के लिए जनसंपर्क बढ़ाया गया। रियासत के लोगों से मिलने-जुलने के लिए लक्ष्मीपुर एस्टेट के दरवाज़े खोल दिए गए। जनता को सम्मान दिया गया। ईश्वर की कृपा पाने और समाज को एक सूत्र में पिरोने के लिए मंदिर बनवाए गए। कहा जाता है कि यह वक़्त लक्ष्मीपुर के लिए स्वर्णिम था। यही वह दौर था जब बांका में रानी महकम कुमारी उच्च विद्यालय की स्थापना की गई। सभी सुधारों की यहीं से शुरुआत थी।
१९वीं सदी का पूर्वार्द्ध हो या उत्तरार्द्ध भागलपुर का बांका क्षेत्र ‘जंगलतरी इलाक़ा’ कहलाता था। यह इलाक़ा जंगल था। दिल्ली-कोलकाता की हूकूमत का यहाँ कोई ख़ास असर नहीं था। यहाँ छोटे-छोटे कुनबों में लोग रहते थे। बांस और उसके छीलन की चौड़ी पट्टियों से बुनी हुई धड़िया (कारपेट) से लोग अस्थायी आवास बनाया करते थे। यहाँ के लोग जलावन की लकड़ियाँ जंगलों से लाते थे और कम मात्रा में ही सही खेतों में रोपनी-डोभनी कर गुज़ारे के लिए अन्न उपजा लेते थे लेकिन यह प्रक्रिया भी आसान नहीं थी।
यहाँ का जंगलतरी इलाक़ा बाघ, चीता जैसे हिंसक जानवरों से भरा पड़ा था और इस बीच बसा था तब का बांका गाँव। एक अँगरेज़ सर्वेयर फ्रांसिस बुकनन १८१० में इस होकर गुज़रे थे। उन्होंने अपने सर्वे में इस बात का ज़िक्र भी किया है कि यहाँ के पुरुष तन को ढकने के लिए एक कपड़ा पहनते थे और स्त्रियां घुटने के ऊपर से लेकर सर तक ढकी रहती थीं। पेड़ों पर ‘हनुमान’ आउ... आउ... करते रहते थे। तब के बांका की आबादी जयपुर और सबलपुर कस्बे से भी कम थी।   
फ्रांसिस बुकनन हेमिल्टन मैसूर और नेपाल के सर्वे करने के बाद बांका आए और लखनौढ़ी होते हुए मंदार भी पहुंचे थे। इसका ज़िक्र उन्होंने अपनी डायरी में किया था जिसे इंडियन सिविल सर्विस के सी.ई.ए.डब्ल्यू ओल्डहम ने अपने रिटायर्मेंट के बाद ‘जर्नल ऑफ़ फ्रांसिस बुकनन कैप्ट ड्यूरिंग द सर्वे ऑफ़ द डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ भागलपुर इन १८१०-11’ के नाम से प्रकाशित किया।
ऐसी जगह में औपचारिक शिक्षा के महत्व को तब लोग कम ही जानते थे।
सन १९०१ में जब जोसफ़ बायर्ने बांका पहुंचे तब बांका की आबादी १०९१ थी। इससे दो वर्षों पहले यहाँ की आबादी कितनी रही होगी इसे सहज ही पता लगाया जा सकता है। यहाँ १२ कैदियों के लिए एक जेल था और एक छोटा न्यायालय भी। बायर्ने के बांका पहुँचने से २ वर्षों पूर्व यानी १८९९ में लक्ष्मीपुर के ज़मींदार ठाकुर ललित नारायण देव की पत्नी रानी महकम कुमारी ने बांका में एक स्कूल की नींव रखी जिसे रानी महकम कुमारी हाई इंग्लिश स्कूल नाम दिया गया। इससे पहले यहाँ औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए कोई योग्य संस्था नहीं थी। शिक्षा तो सिर्फ यहाँ के संभ्रांत वर्ग के लोगों के लिए ही थी जो काशी जाकर प्राप्त करनी होती थी। इस वक़्त शिक्षा प्राप्ति की एक और वैकल्पिक व्यवस्था थी जो राजपुरोहित ही देते थे। यह धर्म से जुड़ी संस्कारिक शिक्षा होती थी जो संस्कृत आधारित थी। राजकाज के लिए शासन से जुड़े लोग अरबी का ज्ञान मौलवियों से ले लेते थे। तब के नार्थ-ईस्ट बंगाल में महाल (महाराजा) से ज़मींदारों को अरबी-इंग्लिश ट्रेनिंग देने के लिए लोग बहाल किये जाते थे।
सन १८६९-70 में भागलपुर में एक मात्र जदुनाथ चौधरी स्कूल था। इसका संचालन मधेपुरा एस्टेट द्वारा किया जा रहा था। ‘जनरल रिपोर्ट ऑन पब्लिक इंस्ट्रक्शन इन द लोअर प्रोविन्स ऑफ़ बंगाल १८६९-70’ में इसका ज़िक्र है। जिला मुख्यालय होने के बाद भी तब वर्नाकुलर स्कालरशिप सर्टिफिकेट के लिए आहूत परीक्षा में कुल ४ विद्यार्थी अपीयर हुए थे जिसमें कन्हाई लाल सिन्हा और काशी चरण दत्ता ही पास थे। नियमानुसार, इस परीक्षा में यूरोपियन का हिस्सा लेना वर्जित था। यही काशीचरण दत्ता इस रानी महकम कुमारी इंग्लिश हाई स्कूल के पहले प्रधानाध्यापक बने।
उपरोक्त रिपोर्ट के मुताबिक बांका में एक प्राथमिक विद्यालय था जो प्राइवेट था। सन १८७० में बांका के एस.डी.ओ. बाबू रासबिहारी बोस थे। उन दिनों लोग कचहरी से जारी परवाना को समझने के लिए पढ़ाई करते थे और संतालों में शिक्षा प्राप्त करने की ललक जाग रही थी। संताली स्कूलों का संचालन शुरू हो चुका था। संताल विद्रोह के बाद सरकार द्वारा विद्रोहों को कुचलने की लंबी रणनीति के तहत इसे लागू किया गया था।
कमोबेश हरेक स्कूल में उर्दू-अरबी-पारसी, इंग्लिश और संस्कृत की शिक्षा दी जाती थी। इसके लिए वेतनमान क्रमशः ८०:७५:४० रूपये निर्धारित थे। हरेक स्कूल में इंग्लिश के जानकार ही हेडमास्टर होते थे। ब्रिटिश सरकार ने इंग्लिश को भारतीय लोगों तक पहुँचाने के लिए ‘हिडेन एजेंडा’ चला रखा था जिसका विरोध आमतौर पर लोग स्कूल न जाकर दर्ज़ कराते थे।
सर वुड्स द्वारा भारत में आमलोगों को शिक्षा प्रदान करने के लिए एक प्रस्ताव सौंपा गया जिसे इंडिया एजुकेशन कमीशन १८८२ की सहमति से १8९८ में लार्ड कर्ज़न के वायसराय बनने के बाद पेश किया गया। कर्ज़न ने इसे गंभीरता से लिया और सितम्बर १९०१ में शिमला सम्मेलन से इसकी शुरुआत की जिसका दवाब राज दरभंगा पर भी था।
इस वक़्त राज दरभंगा में महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह बहादुर गद्दी पर आसीन थे। कुल 30 वर्षों तक राजपाट चलाने के बाद सन १८९८ में ये चल बसे। दो वर्ष की उम्र में पिता के गुजर जाने के बाद इनकी शिक्षा-दीक्षा ईस्ट इंडिया कंपनी के एक विंग ‘कोर्ट ऑफ़ वार्ड्स’ की देखरेख में हुई। इंग्लिश आधारित शिक्षा पानेवाले अपने कुल में वे पहले व्यक्ति थे। अपनी गद्दी संभालने के बाद उन्होंने इंग्लिश आधारित शिक्षा को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। राज दरभंगा के मातहत सभी ज़मींदारों को उन्होंने इसके लिए अपने आरंभिक काल से ही तैयारी करानी आरम्भ कर दी थी। अपने शासन के उत्तरवर्ती काल में उन्होंने इसके लिए सभी ज़मींदारों पर दवाब डाला था। वे अपने क्षेत्र के लोगों को शिक्षित देखना चाहते थे ताकि मुंहफट अंग्रेज़ कभी भी उन्हें ‘मूर्खों का राजा’ कहकर लज्जित न करे।
सन १८४८ से लक्ष्मीपुर की ज़मींदारी पर अधिकार को लेकर राज बनैली और राज दरभंगा के बीच प्रिवी काउंसिल में विवाद चल रहा था। लक्ष्मीपुर के ज़मींदार और खड़गपुर के राजा क़ादिर अली की रियासत के बीच पहले से ही चल रहे विवाद ने ‘चरम तनाव’ के इस मुद्दे को जन्म दिया था। वैसे कहा यह भी जाता है कि कादिर अली को वारेन हेस्टिंग का आशीर्वाद प्राप्त था। लक्ष्मीपुर की मदद इन दिनों हर स्तर पर दरभंगा नरेश करते रहे। विदित हो कि लक्ष्मीपुर ज़मींदारों का इतिहास विवादों से घिरा रहा। आस-पड़ोस के सभी ज़मींदार इनके धुर-विरोधी रहे। इस बीच १८८५ में रानी महकम कुमारी ने प्रताप नारायण देव को गोद लेकर अनौपचारिक घोषणा के बाद फरवरी १९०२ में धूमधाम से गद्दी सौंप दी। इस वक़्त वे १८ साल के थे।
सन १८८५ में प्रताप नारायण को गोद लिए जाने के वक़्त से ही उनका विरोध शुरू हो गया। पहले से ही दुश्मनों से घिरा लक्ष्मीपुर रियासत इस वक़्त काफी परेशान था, तिसपर भी गद्दी पर किसी पुरुष के न रहने से परेशानी और बढ़ गई थी। ऐन मौके पर राज दरभंगा ने अहम मदद की थी। इस गोद लेने की घटना से पहले ही किसी बड़ी मदद की अपेक्षा से रानी महकम कुमारी दरभंगा नरेश महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह बहादुर के पास गुप्त रूप से पहुंचीं थीं। कहा जाता है कि वे १३ दिनों तक वहीं राज-आतिथ्य में रुकीं। इस दौरान महाराजा से उनकी कई किश्तों में वृहद् चर्चा हुई। उनके व्यस्ततम दिनचर्या में समय निकाल पाना सरल नहीं था लेकिन उनसे मुलाक़ात करके सभी विन्दुओं पर चर्चा जरुरी थी जो अपेक्षानुसार हुई भी।
इस मुलाक़ात से राज दरभंगा के साथ लक्ष्मीपुर का संबंध काफ़ी बेहतर हुआ। महाराजा ने लक्ष्मीपुर की हर संभव मदद की और एक बालक को उत्तराधिकारी के तौर पर स्थापित करने के लिए अपने जाति-समाज से ही गोद लेने को कहा। इसी दौरान वायसराय के कोप से बचने के लिए उन्होंने एक विद्यालय के निर्माण का सुझाव भी दिया जो पहले से ही उनके एजेंडे में शामिल था। उन्होंने यह भी बताया था कि इसे अपनी रहवास वाली जगह पर न खोलकर ज्यादा आबादी वाली जगह में खोला जाए जहाँ सरकारी मुलाज़िमों का आना-जाना लगा रहे।
इस विद्यालय के लिए उन्होंने लक्ष्मीपुर एस्टेट को आर्थिक सहायता की प्रथम किश्त भी दी थी लेकिन १८९८ में ही उनकी मृत्यु हो जाने के कारण पूरी सहायता और वायसराय तक लक्ष्मीपुर एस्टेट के पक्ष में पैरवी नहीं हो पाई। यह भी कहा जाता है कि इस स्कूल का नाम महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह के नाम पर रखा जाना तय था लेकिन लक्ष्मीश्वर सिंह के उत्तराधिकारी रामेश्वर सिंह के सामने इस गुप्त सहायता का जिक्र कतिपय कारणों से महकम कुमारी द्वारा नहीं किये जाने के कारण इसका नाम बदल दिया गया ताकि बनैली एस्टेट को इसकी भनक नहीं लगे जो एक रणनीति का हिस्सा था।
सन १८९९ में लोगों से कुछ ज़मीन लेकर कचहरी और जेल के एकदम समीप राजकीय सहायता से एक इंग्लिश स्कूल की स्थापना बांका में की गई और इसका नाम रानी महकम कुमारी हाई इंग्लिश स्कूल रखा गया। यहाँ संभवतः ‘इंग्लिश’ का प्रयोग अंग्रेज़ी शासन को पोहलाने के लिए प्रयुक्त किया गया। साथ ही इस स्कूल की स्थापना सरकारी संस्थाओं के करीब किये जाने का एक रणनीतिक उद्देश्य था जिसका फल भी आनेवाले समय में लक्ष्मीपुर शासन को मिला। सन १९०७ में इस स्कूल को वुड्स डिस्पैच के तहत शामिल भी किया गया।
इससे पहले यह ज़िक्र करना अनिवार्य है कि फ्रांसिस बुकनन भागलपुर का सर्वे करने के दौरान लक्ष्मीपुर के ज़मींदार रूपनारायण देव से उनके आवास पर मिले थे तब उन्होंने बुकनन के साथ अपेक्षित व्यवहार नहीं किया था जिसकी चर्चा उन्होंने अपनी डायरी में की है। कलकत्ता में बैठे वायसराय को भी इसकी खबर लगी। इसने आग में घी का काम किया। इससे पहले के घटनाक्रम में रूपनारायण देव के पूर्वज जगन्नाथ देव के विद्रोह ने ब्रिटिश सरकार के अन्दर लक्ष्मीपुर ज़मींदारी के प्रति ज़हर घोला था जिसका प्रयोग इनके दुश्मनों ने मौके पर करके अपना-अपना फायदा उठाया। इनकी यही छवि इनकी व्यवस्था पर भारी पड़ गई थी। रानी महकम कुमारी ने अपने कौटिल्य-बल से सरकारी कोप कम करने की सफल कोशिश की। इसका प्रभाव इन्होंने अपने बाद की पीढ़ी पर भी छोड़ा।
सन १९11 में यहाँ के ठाकुर प्रताप नारायण देव ने राजनीतिक अपेक्षाओं के तहत प्रताप नारायण संस्कृत विद्यालय की स्थापना लक्ष्मीपुर एस्टेट से 200 मीटर की दूरी पर की। इसके पीछे राज दरभंगा के महाराजा रामेश्वर सिंह से अच्छे संबंध स्थापित करने की मानसिकता थी। विदित हो कि महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह के उलट महाराजा रामेश्वर सिंह संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे और तब के नामी ज्योतिषी और तांत्रिक भी। वे काली के अनन्य उपासक थे। हालांकि अंग्रेज़ी शिक्षा को लेकर उनका विरोध बहुत ज्यादा नहीं कहा जा सकता है लेकिन संस्कृत के धुर-पक्षधर थे।
इसी वक़्त यहाँ काली मंदिर की स्थापना की गई और तांत्रिक ढंग से पूजन की शुरुआत भी। काली मंदिर के साथ-साथ अन्नपूर्णा मंदिर की स्थापना भी की गई। शिव-पार्वती मंदिर का निर्माण वहां पहले हुआ था और जगन्नाथ मंदिर का बाद के कुछ वर्षों में। यह सुझाव महाराजा रामेश्वर सिंह का ही था। हालांकि, बाद के शासक कामेश्वर नारायण सिंह से रिश्ते उतने बेहतर नहीं रह सके।
इस संस्कृत विद्यालय के शुरुआती दौर में अपनी प्राथमिक शिक्षा यहीं से पूरी करने वाले श्री जगदम्बा प्रसाद सिंह अपना अनुभव बताते हैं। वे बताते हैं कि यही विद्यालय १९५६-57 में बाद में बौंसी में संस्कृत महाविद्यालय के तौर पर स्थापित किया गया जो कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा से मान्यता प्राप्त है। इससे पहले राज लक्ष्मीपुर ने अपना ठिकाना और राज-कचहरी भी देवघर में स्थापित कर लिया।
बौंसी में सन १९२६ में ठाकुराइन कुसुम कुमारी मिडिल इंग्लिश स्कूल की स्थापना के पीछे भी प्रतिष्ठा में सुधार की ही भावना रही। यह स्कूल सन १९३९ में चन्द्र नारायण देव हाई इंग्लिश स्कूल में परिणत हो गया और इसके बगल में ठाकुराइन कुसुम कुमारी मिडिल स्कूल का निर्माण भी कर दिया गया। हालांकि, भारत की आज़ादी के साथ ही इन विद्यालयों के टाइटिल से ‘इंग्लिश’ गधे के सिर से सिंग की तरह गायब हो गया।
इसमें कोई शक नहीं कि चाहे किसी भी कारण से हो लक्ष्मीपुर राज ज़मींदार घराने ने लम्बे संघर्ष के बाद भी अपने सीमा क्षेत्र से आगे बढ़कर लोगों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की कई सफल कोशिशें कीं। बांका का १९वीं सदी का रानी महकम कुमारी उच्च विद्यालय इसका जीता-जागता मिसाल है।

Wednesday, November 15, 2017

विश्व का अनोखा एकलौता मंदिरजहाँ दीपावली के अवसर पर जलाये जाते थे लाखों दीये एक साथ

     समुद्र मंथन की कहानी से जुड़े मंदार या मंदराचल पर्वत की पूर्वी तलहटी के जंगलों के बीच छुपे लखदीपा मंदिर के भग्न अवशेष अब भी पड़े हैं जहाँ दीपावली के अवसर पर लाखों दीये जलाने की परंपरा थी। यहाँ एक घर से एक ही दीया जलाने का नियम था। कहते हैं कि इस जगह पर पहले बालिशा नगर हुआ करता था जहाँ रहनेवाले लोग लखदीपा मंदिर में इन दीयों को जलाते थे। यह पर्वत बिहार के बांका जिले में है, जहाँ  तक पहुँचने के लिए भागलपुर-दुमका मुख्यमार्ग या रेलमार्ग की सहायता लेनी होती है।
      इस प्राचीन बालिसा नगर की लखदीपा में दीप जलाने की यह परंपरा आज भी जनमानस में जीवित है। मंदार के स्थानीय लोग बौंसी के भगवान मधुसूदन के मंदिर में दीपावली के अवसर पर दीप अर्पित करने के बाद उस दीये से एक अन्य दीया जलाकर बाल्टी में रखकर अपने घर लाते हैं, फिर उसी से घर के अन्य दीये को प्रज्वलित करते हैं।
      वैसे तो यह जगह पुरातात्विक संपदाओं से अटा पड़ा है। मिट्टी में दबे हुए मंदिरों के अवशेष, शिवलिंग, सर्वत्र बिखरे हुए पत्थर काटकर बनाए गए स्तम्भ, भवन निर्माण में लगाए जानेवाले पत्थर के मेहराब, चकरियां और कितने ही तरह के सामान यहाँ आपको सहज ही देखने को मिल जायेंगे। ये पत्थर इसी मंदार पर्वत की पश्चिमी छोर से काटकर तराशे  जाते थे, जिसके प्रमाण मौजूद हैं। ऐसे तराशे गए स्तम्भ और अन्य भवन निर्माण में प्रयोग में आनेवाली अन्य पत्थर की सामग्रियां यहाँ पर्वत के नीचे कई मीलों तक फैली हुई हैं। इस पूरे क्षेत्र को बालिशा नगर कहा गया है। प्राचीन ग्रंथों और स्थानीय इतिहास के श्रोतों से पता चलता है कि यह नगर उत्तर गुप्त काल से आबाद था जो मुग़लों के समय परित्यक्त होकर काल के गाल में समा गया।
      लखदीपा मंदिर के अवशेषों के अध्ययन से पता चलता है कि यह संरचना आयताकार थी। इसका क्षेत्रफल २५ फीट था। ज़मीन से नौ फीट ऊंचाई वाले एक चबूतरे के ऊपर पत्थर के चार स्तंभों पर इस मंदिर को टिकाया गया था जिसपर मंदिर के ऊपर का गुम्बद अवस्थित था। यह गुम्बद बंगाल-शैली का था। अन्दर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे आधे कटे हुए विशाल टेनिस बॉल को आधार बनाकर इसे मोर्टार से ढाला गया हो।
      नौ सीढ़ियों से होकर इस मंदिर के ढांचे पर चढ़ा जा सकता है। इसके अवशेषों से पता चलता है कि चढ़ने के लिए एक ही ओर सीढ़ी थी। मंदिर के बीचोंबीच साढ़े चार फीट ऊँचा षटकोणाकार बारह इंच फलक वाला मोटा सा एक स्तम्भ था, जो दीप वेदिका कही जाती थी। इस  पर एक विशाल दीप व उसके चारों ओर दर्जनों छोटे दीये जलाये जाने का रिवाज़ था। इस स्तम्भ के छह फलकों में एक-एक दीये जलाने के लिए ताखे बने हैं।
      छह फलकों वाले इस स्तम्भ या वेदी तक चढ़ने के लिए बनाई गई सीढ़ियों और ऊँचे चबूतरे के चारों ओर दीये रखने के लिए ताखे बनाए गए थे। ये ताखे पांच इंच लंबाई और तीन इंच चौड़ाई के हैं जो दो इंच गहरे हैं। कुछ ताखे इनसे भी थोड़े छोटे हैं।
      ऊपर चढ़नेवाली सीढ़ी में दोनों तरफ दीये रखने के ताखे बने हैं। सिर्फ एक तरफ़ में ताखों की संख्या ५१ हैं। कुल १०२ दीये सीढ़ियों में रखकर जलाए जाते थे। इन सीढ़ियों में कुशल कारीगरी की मिशाल झलकती है। ज़मीन से ऊपर की ओर से क्रमशः चौदह-बारह-दस-सात-पांच-तीन की इनकी सज्जा हैं।
      ऊपर चढ़ने के लिए बनाई गई सीढ़ी चबूतरे की जिस दीवार से चिपकी हुई है उनमें दोनों भी ताखे बनाए गए थे। एक ओर ७२ की संख्या में ये ताखे अब भी बने हुए हैं। ऐसा दोनों तरफ है और यह क्रम बारह-बारह का है जिसकी छह पंक्तियाँ हैं। पश्चिमी ओर की इस दीवार में कुल एक सौ ४४ दीये जलाने की व्यवस्था थी। ये ताखे चबूतरे के चारों ओर बने थे।
      इस चबूतरे के चारों कोनों पर लगभग छह फीट ऊँचे चार तुलसी चौरों की तरह संरचना निर्मित की गई थी। ये अवशेष भी धराशायी हैं जिन्हें साफ़ तौर पर देखा जा सकता है। ये सभी चौरे षटकोणाकार थे। इनके एक-एक फलक में छह ताखे बने हुए थे। इस स्तम्भ या चौरे के ऊपर भी एक-एक बड़ा दीया और उसके चारों ओर कई छोटे-छोटे दीये कई पंक्तियों में जलाने की परंपरा थी।
      इस मंदिर से पंद्रह फीट की दूरी पर पश्चिम, उत्तर और पूरब की दिशा में एक चाहरदीवारी होने का प्रमाण मिलता है। इन दीवारों में भी व्यापक रूप से पांच इंच की दूरी पर दीप रखने के लिए ताखे बने हुए हैं। ये ताखे पांच इंच चौड़े, सात इंच लम्बे और तीन इंच गहरे हैं जो दीवार के दोनों तरफ सिलसिलेवार ढंग से निर्मित किए गए हैं। यह दीवार २५ फीट लंबाई-चौड़ाई और ३० इंच मोटाई की है। इस दीवार की ऊंचाई कितनी रही होगी इसका सही-सही अंदाज़ा खुदाई के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही संभव होगा।
      लखदीपा या लक्षदीपा से पश्चिम में पर्वत की ओर डेढ़ सौ मीटर या इससे भी अधिक दूरी तक दीवार होने के प्रमाण मिलते हैं, जिनमें दीये रखने के ताखे बने हैं। यहाँ सहज ही यह अनुमान लगाया जा सकता है कि इन दीवारों में भी उकेरे गए ताखे लाखों दीये जलाए जाने के दावे या कथन का हिस्सा हो सकते हैं।
      यह मंदिर पत्थर के स्तंभों और ईंटों से बनाया गया है जिसमें प्लास्टर के लिए सुर्खी-चूना का उपयोग किया गया है। एक पत्थर के स्तम्भ को दूसरे से जोड़ने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले लोहे की चौकोर या चौपहल छड़ का उपयोग किया गया है। इस छड़ की खासियत है कि इसमें अभी भी जंग नहीं लगे हैं। इससे पता चलता है कि जब इस मंदिर का निर्माण किया गया होगा तब भी तकनीक कितनी विकसित रही होगी!
      इस मंदिर के भवन निर्माण की शैली बताती है कि यह मंदिर ७ वीं -8 वीं शताब्दी का है। भागलपुर के कहलगांव में प्राप्त विक्रमशिला महाविहार के अवशेषों में प्रयुक्त ईंट और लखदीपा के ईंट एक जैसे हैं। दोनों में एक ही प्रकार के भवन निर्माण सामग्रियों और वास्तुकला का प्रयोग किया गया है। गौरतलब है कि मंदार क्षेत्र के इस मंदिर से विक्रमशिला महाविहार की दूरी लगभग ६२ किलोमीटर है। पाल शासक धर्मपाल ने इसकी स्थापना की थी जो पाल वंश के संस्थापक गोपाल के पुत्र थे।
      लखदीपा मंदिर के प्लेटफार्म या चौताल के ऊपर तक चढ़नेवाली सीढ़ी पर्वत की दिशा यानी पश्चिम से थी। इस सीढ़ी के ठीक सामने पूरे इक्यावन फीट की दूरी पर पार्वती का मंदिर था, जिसका दो मंजिला भग्नावशेष अब भी झाड़ियों में मौजूद है। और, ठीक इसके इक्यावन फीट आगे पर्वत की ओर शिव मंदिर था। इसके मलबे बताते हैं कि यह मंदिर भी तीस फीट से नीचे का नहीं रहा होगा। सामान्य तौर पर ज्ञात होता है कि इन टूटे मंदिरों में कोई मूर्ति नहीं है। शिव-पार्वती मंदिरों की परम्परा के अनुरूप शिव के साथ नंदी-भृंगी और गणेश का होना अनिवार्य है लेकिन ये कहाँ स्थापित रहे होंगे मलबे में यह अनुमान लगाना मुश्किल है। ये दोनों मंदिर और इसकी चाहरदीवारी में भी दीये रखने के ताखे बने हुए हैं जो लाखों दीये जलाने की परंपरा का हिस्सा थे।
      पार्वती मंदिर में नीचे चारों ओर सुन्दर परिक्रमा पथ है जबकि शिव मंदिर के अवशेषों से सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि ‘आधी परिक्रमा’ पथ का नियमानुसार अनुपालन यहाँ भी किया गया होगा। इन मंदिरों के बाहर भी दीये रखने के कुछ ताखे बने हुए हैं लेकिन ये हाथ की पहुँच से बाहर हैं। ऐसा लगता है कि सिर्फ खास उत्सवों पर ही यहाँ दीये जलाए जाते होंगे जिनमें दीपावली भी एक थी।
      इन दोनों मंदिरों के भग्नावशेष कंटीली और खुजली वाली झाड़ियों से घिरे हैं। यहाँ तक पहुंचना कठिन तो जरुर है मगर असंभव नहीं।
      इस जगह के अध्ययन से पता चलता है कि पर्वत से बहकर पानी इस ओर आता होगा, अतएव इससे होनेवाली क्षति से तीनों मंदिरों को बचाने के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था भी अच्छी की गई थी। शिव मंदिर से लगभग सौ फीट आगे पश्चिम में मंदार पर्वत की तरफ लखदीपा, पार्वती और शिव मंदिर की सतह से काफी ऊँचा एक टीला है जिसे देखने से पता चलता है कि यह ईंटों और अन्य प्रकार की भवन निर्माण में प्रयुक्त तत्कालीन सामग्रियों से बना है जो अब मलबों के रूप में मौजूद है। यहाँ मृदभांड या टेराकोटा से बने बर्तनों के अंश काफी मात्रा में बिखरे पड़े हैं। इस लेखक को यहाँ से परतदार ग्रेनाईट (जिससे स्लेट का निर्माण किया जाता है) और चीनी मिटटी से बने बर्तनों के कुछ टुकड़े भी प्राप्त हुए हैं।
      इस ढूह के उत्तर और दक्षिण दिशा में क्रमशः रानी और राजा पोखर हैं। इसके बारे में किंवदंती है कि इनमें रानी और राजा अलग-अलग स्नान करते थे। फिर तो यह स्वाभाविक ही है कि यहाँ उनके ठहरने की भी व्यवस्था रही होगी। शायद, यह ढूह उसी छोटे राजनिवास के मलबे पर टिका है। भारतीय पुरातत्व संस्थान अगर यहाँ खुदाई करे तो सब साफ़ हो जायेगा।
      विदित हो कि उपरोक्त लखदीपा मंदिर की चर्चा अंग्रेज़ सर्वेयर फ्रांसिस बुकनन (हेमिल्टन), जोसेफ़ बायर्ने व अन्य ने भी की है लेकिन किसी ने भी इसके नाम की चर्चा नहीं की है। अलबत्ता, इतिहासकार डॉ. अभय कान्त चौधरी और शास्त्रीय विद्वानों ने बालिसा नगर के इस विशिष्ट मंदिर लखदीपा (लक्षदीपा) की चर्चा की है, जहाँ दीपावली के अवसर पर लाखों दीपक जलाने की परंपरा थी। बालिसा के हरेक घर से एक ही दीप जलाने के नियम का अनुपालन ईमानदारी से किया जाता था। बालिसा का यह लखदीपा मंदिर भगवान मधुसूदन को समर्पित था।
      कहते हैं कि बावन गलियां, चौवन बाज़ार वाला नगर बालिसा अपने चारों ओर खूबसूरत तालाबों से घिरा था जिनमें रंग-बिरंगे कमल के फूल लगे थे। सभी लक्षणों से परिपूर्ण प्राचीन काल का यह नगर हर दृष्टिकोण से समृद्ध था जिसे नष्ट कर दिया गया। अबतक प्रकाशित तथ्यों के अनुसार, बंगाल के नवाब दाउद खां कर्रानी के सेनापति कालापहाड़ ने इसे बर्बाद कर दिया लेकिन वस्तुस्थितियाँ इसे सिरे से खारिज़ करती हैं।

 ***          

Wednesday, April 12, 2017

बौंसी ‘गुरुधाम’ में आए राष्ट्रपति



भारत गणराज्य के राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी बौंसी के ‘श्यामा चरण योगपीठ’ गुरुधाम विगत 04 अप्रैल 2017 को आए और इस संस्था में धार्मिक दीक्षा की इच्छा व्यक्त की. यहाँ उन्होंने बताया कि उनकी माताजी भी इस संस्था के संस्थापक भूपेंद्र नाथ सान्याल महाशय से दीक्षित थीं. इस यात्रा क्रम में वे रांची से देवघर आए और बाबा बैद्यनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. 11 पंडितों ने यहाँ उनको पूजा कराई. फिर वे प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय की रूपरेखा देखने कहलगांव (भागलपुर) पहुंचे. यात्रा के अंत में वे गुरुधाम पहुंचे. यहाँ उन्होंने सागर मंथन वाले मंदार पर्वत को भी देखा.












Wednesday, January 18, 2017

Lord Madhusudan



मंदार तुझे शत बार नमन


नरेश जनप्रिय  

मंदार तुझे शत बार नमन ।
एक शिलाखंड अवतार नमन॥

अति गरिमामयी तेरा अतीत
तेरी वेद-पुराण में भरी कथा ।
समस्त देवों के हित तूने
मथनी बनकर सागर को मथा ॥
तेरे ही श्रम से, हे मंदार !
निकले समुद्र से चौदह रतन । 
मंदार तुझे शत बार नमन॥

तुम सब धर्मों के केंद्र स्थल
अनगिनत कुंड तेरी गर्दन पर । 
हो जाते धन्य-धन्य मानव
तेरे पावन भाल का दर्शन कर॥
सृष्टि के मूक गवाह को पा
आह्लादित बांका का कण-कण । 

मंदार तुझे शत बार नमन॥

संताली लोक गीतों में मंदार

लोकगीत वस्तुतः किसी भी समाज के जनमानस का आइना होता है. सदियों से अनाम- अनजाने कंठों में रचे-बसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी को सहज परंपरागत ढंग से हस्तांतरित होनेवाले इन गीतों में लोकमानस के हर्ष-उल्लास, आशा-आकांक्षा, कुंठा-संत्रास आदि मनोभावों की कल्पना युक्त सरस अभिव्यक्ति देखी जा सकती है.
तथाकथित आधुनिकता और दूसरों की नक़ल करने की दौड़ में आज हमने ‘पुरातन’ खो दिया है. किन्तु, वर्तमान परिवेश में जब हम अपनी परंपरागत साहित्य या संस्कृति की बात करते हैं तो लोक जगत हमें अपनी ओर खींचता है. यदि आदिवासी लोक-साहित्य की तरफ मुखातिब हों तो यह खिंचाव कुछ ज्यादा ही चुम्बकीय महसूस होता है.
संताल आदिवासी बिहार और झारखण्ड राज्यों की प्रमुख जनजातियों में से एक है. संताल परगना प्रमंडल के अतिरिक्त बांका, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, कटिहार, पूर्णिया, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में ये बसे हुए हैं. बिहार, झारखण्ड के अलावे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, असम, मेघालय, मिजोरम, आदि राज्यों तथा पड़ोसी देश नेपाल और बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में इसकी आबादी देखी जा सकती है.
संताल जनजाति का कोई लिखित इतिहास नहीं है परन्तु इनके बीच प्रचलित रीति-रिवाज़ों, लोक मान्यताओं और साहित्य में परंपरागत ढंग से इनके ऐतिहासिक तथ्य सुरक्षित हैं.
प्रसिद्ध मंदार पर्वत की महिमा युगों से इनके सामाजिक आचार-व्यवहार, संस्कृति और लोक गीतों में भरे पड़े हैं. संतालों में प्रचलित परम्परानुसार जब कोई छोटा अपने से बड़े को प्रणाम करता है तो आशीर्वाद स्वरूप वे बच्चों को कहते हैं “ मंदार बुरु लेका जीवी हारा कोक ताम मा” जिसका अर्थ है मंदार की तरह लंबी उम्र जियो और विशाल बनो.
इनके बापला (विवाह) पर्व –त्योहारों विभिन्न संस्कारों एवं अन्य पारंपरिक गीतों में अधिकतर मंदार पर्वत की महिमा का वर्णन मिलता है. तो आइये ऐसे कुछ उदाहरणों को देखते हैं –
मंदार बुरू चोट खोन
तोवा नातुक कान जिरी-हिरी .
आम गेचों मरांग दादा जोतो खोनेम
तोवा नातुक कान जेम्बेदोक में ..
अर्थात, मंदार पर्वत के ऊपर से झर-झर बह रहा है दूध का झरना. भैया हम सब में आप ही सबसे बड़े हैं, दूध पीने के लिए आप ही सबसे पहले मुंह लगाएं.
मंदार बुरु को सेंदायेदा
शिकारिया बेन तायनोम एना
आबेन दो शिकारिया नोंडे बाड़े
ताहेन बेन, माराक लिबाय-लेबोय दाक कीन ञूंया.
अर्थात, मंदार पर्वत पर शिकार करने के लिए सभी शिकारी चले गए हैं पर तुम दोनों पीछे छूट गए हो. अब तुम दोनों यहीं पर रुक जाओ. झूमते हुए मोर का जोड़ा पानी पीने के लिए अब यहीं आने वाला है.
मंदार बुरु चोट रे
आड़ी जोतोन तेञ डाडी आकात
ओले सेपे उमातिञ बोडेयापे
गातेञ ए उमातिञ बोडेयापे     
गातेञ ए उमातिञ लोलो सितुंग.
अर्थात, मंदार पर्वत के ऊपर बड़े यत्न से मैंने एक चुआं बनाया है. उसमें स्नान कर उसे कोई गंदा मत करना. उस पानी में मेरी प्रेमिका धूप में स्नान करेगी.
मंदार बुरु चोट रे
कोल बादोली मोयरा कुड़ी
बिन रोड़ लांदा, तेगे लांदा
लेकाय ञेलोक कान
कोल बादोली मोयरा कुड़ी.
अर्थात, मंदार पहाड़ की चोटी पर एक मोयरा युवती कोयल की तरह हंस रही है. वह मोयरा युवती कोयल की तरह बिना हंसी के ही हंसने की तरह लग रही है. (मोयरा एक जाति है.)
मंदार बुरु चोट खोन
पिंचार माराक कीन उडावेना
पिंचार माराक दोकीन बांग काना
जुरी कुड़ी याक साड़ी ओरांगोक कान.
अर्थात, देखो! मंदार पर्वत की चोटी से उड़ गया वो सुन्दर पंखवाला मोर का जोड़ा. वह मोर पंछी का जोड़ा नहीं, लगता है कि दो युवतियां अपनी साड़ियाँ लहरा रही हैं.
मंदार बुरु चोट रे
आड़ी कुचित रे सोनोत बाहा
दारेञ देजोक रेमा डार
जानुम जांगाञ रोगोक कान
अर्थात, मंदार पर्वत की चोटी पर सोनोत के फूल खिले हैं. ये बड़े ही कठिन स्थान पर हैं. जब फूल तोड़ने जाती हूं तो मेरे पैर में कांटे चुभ जाते हैं. हाय! कैसे तोडूंगी उस सोनोत के फूल को?
संताल जनजाति का सबसे महान पर्व ‘सोहराय’ (वन्दना) है. इस अवसर पर गाए जानेवाले सोहराय लोकगीतों में मंदार पर्वत का वर्णन कुछ इस प्रकार मिलता है –
मंदार बुरु दो दायना
होरा से डाहारा ना दाय
रामे-लखन झाम-झाम कीन
देजोक-फेडोक कान ना दाय.
होर हो दाय होर गेया
डाहार हो दाय डाहार गेया
रामे-लखन झाम-झाम कीन
देजोक-फेडोक कान ना दाय
अर्थात, ओ दीदी! मंदार पर्वत में सड़क या रास्ता है या नहीं? राम-लक्ष्मण झूमते हुए चढ़ते और उतरते हैं.
बहन! मंदार पर्वत के ऊपर से नीचे उतरने के लिए सड़क बने हुए हैं. उसी सड़क से राम-लक्ष्मण झूमते हुए आते-जाते हैं.
मंदार बुरु देजोक-फेडोक
दाह्ड़ी मैरी ञूरेन तीञ
सेदाय लेका हित पीरित
बानुक लांगा मैरी
दाहड़ी मैरी ओहोञ हालांग ले.
अर्थात, ओ प्रियतमा! मंदार पर्वत पर चढ़ने-उतरने में मेरी पगड़ी गिर गई है. थोड़ा, उसे उठा देना तो!
नहीं प्रियतम, नहीं उठाऊंगी. हमदोनों में अब पहले जैसी दोस्ती नहीं रही.
मंदार बुरु देजोक-फेडोक
दाक दो दायना तेतांग किदींञ
दाक दो दायना तोका रेलांग यूंञ.
होड़ लेबेत बोडे दाक दो दाय
बालांग यूंञ दाय.
आलांग-तेतांग डाडिया, ना दाय
रिला-माला-सितिञ दाक लांग यूंञर! 
रिला-माला-सितिञ दाक तेलांग यूंञ जियाड़ोक.
अर्थात, दीदी मंदार पर्वत पर चढ़ने-उतरने में मुझे प्यास लग गई है. दीदी बताओ, मैं पानी कहाँ पियूं?
बहन, लोगों के आने-जाने से पानी गन्दा हो गया है. उसे नहीं पियेंगे. दोनों मिलकर मंदार पर्वत पर चुआं बनायेंगे. उससे स्वच्छ निर्मल जल निकलेगा. उसी को हम दोनों पियेंगे.
सीता नाला दाक दो दाय
फारया वासे वोड़े गेया दाय
सीता कापरा कीन
उम नाड़कान कान ना दाय
सीता नाला दाक दो दायना
रिला माला साफ़ा मेनाक
सीता कापरा कीन
उम नाड़कान कान ना दाय.
अर्थात, दीदी बताओ! सीता कुंड का पानी साफ़ है या गंदा? उस जल में सीता और कापरा स्नान कर रही है.
बहन! सीता कुंड का जल बिलकुल ही स्वच्छ और निर्मल है इसलिए सीता और कापरा स्नान कर रही है.
(संताल जनश्रुति में सीता और कापरा बहन थीं.)            
गातेञ तिरयोय ओरोंग मंदार बुरु रे
इञ दोंञ नातेन बाड़ाय दाक लो घाट रे
कान्डांग बागियाक रेमा होड़को ञेलेञ कान
बाञ सेनोक रेमा गातेञ ए रूहादीञ
होड़ रोड़ दोरेञ सहाव गेया रे
गातेञ नेगेर दो तोहोञ सहावले.
अर्थात, मंदार पर्वत पर मेरे प्रियतम बांसुरी बजा रहे हैं. मैं पनघट से सुन रही हूँ. यदि मैं पनघट पर घड़ा छोड़ के जाती हूं तो लोग क्या कहेंगे? ये तुम्हारे लिए भी बड़ी लज्जा की बात होगी.